निशालदा : पारंपरिक उज़्बेकी मिष्ठान उज़्बेकिस्तान में रहते हुए मैंने यह लगातार महसूस किया है कि यहाँ जितना लोकप्रिय मांसाहार है , उतना ही मीठे पदार्थ भी । नवरोज़ का समय था अतः सुमालक की धूम थी । यहाँ अन्य पारंपरिक मिष्ठानों में हलवा , परबरदा , पश्मक , खष्टक , ब्रशवुड , शर्बत , उरमा , नवत चीनी , तुलुम्बा , बकलवा और निशालदा प्रमुख है । इन मिष्ठानों की सबसे खास बात यह है कि इन्हें बनाने या सजा के परोसने के लिए शुद्ध प्राकृतिक पदार्थों का ही उपयोग किया जाता है । अतः ये स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छा है । इसके अतिरिक्त पेस्ट्री , तंदूर से गर्म केक , बहुत ही मुलायम , कुरकुरा और मुंह में जाते ही तुरंत पिघलने वाला संसा का स्वाद लाजवाब होता है । कोलोबक्स (लोचिरा , कटलामा , बगीरसोक , पाटिर , उरमा ) भी यहाँ विशेष लोकप्रिय है । उज़्बेकी भाषा में नाश्ता के लिए “ नोनुश्ता ” शब्द है। दस्तरखान पर सूखे मेवे , रसीले फलों , शहद या चीनी के साथ चाय , ब्रेड और पारंपरिक मिष्ठानों को सजाकर परोसने की संस्कृति इन्हें इतालवी , फ्रेंच या तुर्की पाक कला क...